संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। नगर पालिका द्वारा अगस्त से शहर में विकास कार्य कराए जाएंगे। पांच करोड़ की लागत से कई मुख्य मार्गों, मोहल्लों में सड़क व नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा। कई नालों को भी कवर्ड किया जाएगा।
नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाली, नालों आदि कार्य किए जाएंगे। विकास कार्यों कराने के लिए टेंडर निकाले गए हैं। जुलाई के प्रथम सप्ताह तक निविदा डाली जाएंगी। इसके बाद अगस्त से निर्माण शुरू होंगे।
पालिका द्वारा 39.92 लाख से वार्ड नंबर-15 में बस अड्डे के पीछे श्मशान घाट की चहारदीवारी, 39.91 लाख से फ्रीगंज रोड देवी मंदिर के पास से कचहरी के सामने से तहसील चौराहे के पास तक हाटमिक्स सड़क, 39.85 लाख से फ्रीगंज रोड पर माता मंदिर से पटेल स्कूल के पास तक आरसीसी कवर्ड नाला, 39.10 लाख से रामपुर रोड पर आरसीसी नाला, 8.96 लाख से गोल मार्केट में पुलिया का निर्माण, 13.88 लाख से देवलोक कालोनी में नाली व हाटमिक्स सड़क, 13.71 लाख से इंद्रलोक कालोनी में हाटमिक्स सड़क, 19.72 लाख से विद्यानगर में नाली व इंटरलाकिंग सड़क, 37.82 लाख से शक्तिनगर मोहल्ले में नाली निर्माण, 20 लाख से बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास कालोनी में नाली व इंटरलोकिंग सड़क, 20 लाख से ही यहां पर नाला निर्माण, 29.77 लाख से मजीदपुरा मोहल्ले की गली नंबर-09 में नाली व इंटरलाकिंग सड़क, 66.72 लाख से मोहल्ला मजीदपुरा में गली नंबर-09 नाली व इंटरलाकिंग, 39.89 लाख से मजीदपुरा रोड पर आरसीसी कवर्ड नाला, 38.05 लाख से मोहल्ला पीरबाउद्दीन में अलवी की धर्मशाला का निर्माण और 32.35 लाख से गढ़-दिल्ली रोड पर पालिका के सामने पुराने नाले पर बनी हुई पुरानी डाट के स्थान पर पुलिया एवं नाला निर्माण का कार्य कराया जाएगा। ईओ संजय मिश्रा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा।