संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। पिलखुवा के सरस्वती मेडिकल कॉलेज में पैसों के अभाव में इलाज नहीं मिलने से बच्ची की मौत के मामले में शोषित क्रांति दल की ओर से उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत प्रशासनिक अधिकारियों को एक्स पर पोस्ट कर मामले में उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
दरअसल, मूलरूप से बिहार के जिला फतेहपुर के जगतपुर कठियार निवासी अनवर पिछले सात महीने से सरस्वती मेडिकल कॉलेज में राज मिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार की रात अनवर की पांच वर्षीय पुत्री अमरीन की अचानक हालत बिगड़ गई। बच्ची को अनवर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां अस्पताल स्टाफ ने 20 हजार रुपये जमा करने को कहा, लेकिन पैसे नहीं होने पर बच्ची को इलाज नहीं दिया गया। जिस कारण उसकी मौत हो गई।
मामले में शोषित क्रांति दल की ओर से रविकांत ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कमिश्नर मेरठ, डीएम हापुड़ को एक्स पर पोस्ट कर इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
उधर, इस प्रकरण में थाने में अभी कोई शिकायत नहीं दी गई है। बताया गया कि अनवर भी अपने गांव लौट गया है। इसके अलावा सिखैड़ा सीएचसी में दो नवजातों की मौत के मामले के लेकर आम आदमी पार्टी के जिला प्रभारी डॉ.नरेंद्र सोलंकी ने सीएमओ से वार्ता की है। इस प्रकरण में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।