हापुड़ । नगर पालिका ने शहर के विकास के लिए 25 करोड़ की योजना बनाई है। इसके तहत शहर में जर्जर सड़कों की मरम्मत, नई सड़कें व नाले बनाए जाएंगे। पालिका में होने वाली बोर्ड बैठक में ये प्रस्ताव रखे जाएंगे। बोर्ड बैठक में नाली, सड़क, पेयजल, पथ प्रकाश और स्वास्थ्य संबंधी प्रस्ताव रखे जाएंगे।
लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता से पहले नगर पालिका की बोर्ड बैठक हुई थी। चार माह से कोई बैठक न होने के कारण विकास कार्य शुरू नहीं हो सके और कुछ कार्यों को अंतिम स्वीकृति मिलनी है। पहले 16 जुलाई को बैठक होनी थी, लेकिन ईओ मनोज कुमार के जिले में न होने के कारण अब शनिवार या सोमवार को बैठक की संभावना है।
हर वार्ड के विकास कार्य होंगे शामिल
पालिका के अधिकारी इस बात पर मुख्य ध्यान दे रहे हैं कि हर वार्ड से संबंधित विकास कार्य जरूर शामिल हों। शहर में 41 वार्ड हैं, इन सभी में कार्य होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
11 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर होगी चर्चा
बाेर्ड बैठक में 11 महत्वपूर्ण टेंडरों को लेकर चर्चा होगी। इन सभी टेंडरों को अधिकारी लंबे समय से बार-बार समय सीमा बढ़ा रहे हैं। कई सभासद टेंडरों को आगे बढ़ाने का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में बैठक में टकराव होना तय है।
कोट -
पूरी कोशिश है कि शनिवार या सोमवार में बैठक करा दी जाए। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाने हैं। एजेंडों को अंतिम रूप देने का कार्य किया जा रहा है।
- मनोज कुमार सिंह, ईओ व एसडीएम