मेरठ रोड स्थित सेना के पड़ाव की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन भले ही सख्ती की बात कर रहा हो, लेकिन भूमफियाओं पर इसका कोई प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। रोक के बावजूद रात के अंधेरे में तालाब का भराव जारी है।
उधर, बाबूगढ़ स्थित तालाब पर कब्जे के मामले में भी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा तालाब की नपाई कराई जाएगी। मेरठ रोड स्थित सेना के पड़ाव की करोड़ों रुपये की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जे की कोशिश की जा रही है।
शिकायत के बाद डीएम ने मामले की जांच एसडीएम पुष्पराज सिंह को सौंपी है। जांच पूरी होने तक भूमि का भराव रुकवा दिया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों की शिकायत है कि भूमाफिया रात में भराव करवा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि प्रशासन दिखावे की सख्ती कर रहा है। जबकि, भूमाफियाओं को पूरा संरक्षण प्राप्त है। इस मामले में जांच अधिकारी एसडीएम पुष्पराज सिंह का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच जारी है।
सेना से भी दस्तावेज मंगाने का प्रयास किया जा रहा है। वह अभी इलाहाबाद में हैं, लेकिन भराव हो रहा है तो उसे रुकवाया जाएगा।
उधर, बाबूगढ़ में भी तालाब पर कब्जे व प्लाटिंग की शिकायत के बाद तहसीलदार सुभाष सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुभाष सिंह ने कि तलाब की नपाई के आदेश दिए हैं। इसके अलावा इसी तलाब के पास एक और पुराना तालाब है उस पर भी कब्जे की शिकायत है। ऐसे में उसकी भी नपाई कराई जाएगी।