हापुड़। शहर के मोदीनगर रोड स्थित सैनी भवन में बृहस्पतिवार को सैनी कल्याण विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अमरोहा जिले का नाम बदलकर ज्योतिबा फुले नगर और हापुड़ का नाम पंचशील नगर किए जाने की मांग उठाई गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि सैनी समाज की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान का समिति पूर्ण समर्थन करती है। उन्होंने बताया कि इस मांग को अनुसूचित जाति समाज के लोगों और बामसेफ के पदाधिकारियों का भी समर्थन प्राप्त है।
समिति के उपाध्यक्ष नंद किशोर सैनी ने कहा कि वर्ष 2011 में बसपा सरकार ने अमरोहा का नाम बदलकर ज्योतिबा फुले नगर और हापुड़ का नाम पंचशील नगर किया था। बाद में सपा सरकार ने दोनों जिलों के नाम पुनः अमरोहा और हापुड़ कर दिए।
उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने बहुजन समाज के सामाजिक उत्थान और समानता के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया था, इसलिए उनके सम्मान में अमरोहा का नाम ज्योतिबा फुले नगर किया जाना चाहिए। वहीं, महात्मा गौतम बुद्ध के पांच सामाजिक सिद्धांत ''''पंचशील'''' के नाम से प्रसिद्ध हैं, इसलिए हापुड़ का नाम पंचशील नगर रखा जाना चाहिए।
बैठक में लखन सिंह सैनी, मुकेश कुमार सैनी, विनोद कुमार, वेद, श्यामवीर, रामलाल सैनी और अरविंद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।