हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर दिल्ली पुलिस की टीम ने अधिकारियों के साथ रुपये के लेनदेन के मामले में बृहस्पतिवार को छापा मारकर तीन लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस आरोपियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की टीम ने बृहस्पतिवार की सुबह मेरठ रोड स्थित मोहल्ला गणेशपुरा, बुलंदशहर रोड व गोल मार्केट में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बुलंदशहर रोड स्थित एक गारमेंट्स शॉप, गोल मार्केट स्थित एक जूते की दुकान और मोहल्ला गणेशपुरा स्थित मकान पर छापा मारा। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से यहां अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। साइबर ठगी और रुपये के लेनदेन का मामला बताया जा रहा है। पुलिस टीम ने तीनों स्थानों से तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस के साथ प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम भी साथ थी। तीनों लोगों से पूछताछ कर दिल्ली पुलिस उन्हें लेकर रवाना हो गई। हिरासत में लिए मोहल्ला गणेशपुरा निवासी युवक जयपुर में एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है। बताया जा रहा है कि उसके खाते में रुपयों का लेनदेन हुआ है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि इस कार्रवाई की जानकारी पुलिस के पास नहीं है। जानकारी होने पर पूरा प्रकरण बताया जाएगा।