मटौर से सिंभावली बिजलीघर को आ रही लाइन में फाल्ट से शनिवार को जिले में बिजली संकट गहरा गया। निगम अफसरों ने फरीदनगर से आपूर्ति लेकर उपभोक्ताओं को राहत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन 150 एंपीयर आपूर्ति मिलने के कारण बिजलीघर लोड नहीं उठा पा रहे थे।
ऐसे में प्रत्येक फीडर को एक-एक घंटे के अंतराल से आपूर्ति दी गई। देहात अंचल में दिनभर बिजली कटौती की समस्या बनी रही। जिले को बिजली आपूर्ति सिंभावली बिजलीघर से दी जाती है। शनिवार को मटौर से आ रही लाइन में फाल्ट के कारण सिंभावली बिजलीघर ठप हो गया।
इसके चलते जिले में बिजली संकट गहराने लगा। समस्या बढ़ने पर निगम अफसरों ने विकल्प के तौर पर फरीदनगर से आपूर्ति लेकर उपभोक्ताओं को राहत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन फरीदनगर से महज 150 एंपीयर आपूर्ति ही मिल सकी, जबकि आवश्यकता 400 एंपीयर आपूर्ति की है।
ऐसे में एक के बाद एक करके संबंधित मोहल्लों में थोड़ी-थोड़ी देर के लिए आपूर्ति दी गई। भीषण गर्मी में लोगों को इस असुविधा से बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं देहात अंचल में पूरे दिन बिजली नहीं रही। भीषण गर्मी में लोगों को पानी किल्लत झेलनी पड़ी।
अधिशासी अभियंता सचिन कुमार का कहना है कि सिंभावली से बिजली आपूर्ति नहीं मिलने के कारण यह समस्या हुई थी। फरीदनगर से आपूर्ति लेकर राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही सिंभावली बिजलीघर चालू हो जाएगा।
कुचेसर रोड चौपला पर शुक्रवार रात हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि रात होने के कारण सड़क पर आवाजाही कम थी। सूचना के बावजूद बिजली निगम ने रात भर फाल्ट दुरुस्त नहीं किया।
इससे पूरे क्षेत्र की आपूर्ति गुल रही। इससे ग्रामीणों में रोष है। कुचेसर रोड चौपला बिजलीघर को आपूर्ति उपैड़ा स्थित बिजलीघर से दी जाती है। शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे हाईटेंशन लाइन के तार आपस में टकराने से फॉल्ट हो गया।
तेज आवाज सुन स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। फाल्ट के बाद समूचे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति गुल हो गई। आनन फानन में लोगों ने निगम अफसरों को सूचना दी, लेकिन कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
ऐसे में भीषण गर्मी में लोगों को रात भर गर्मी, मच्छरों से परेशान होना पड़ा। अधिशासी अभियंता सचिन कुमार का कहना है कि इस मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। संबंधित एसडीओ को इस संबंध में निर्देशित किया जाएगा।