पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत खेड़ा गांव में रविवार सुबह 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घर के कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटकी महिला को पति अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, खुर्जा के बड़ा गांव निवासी संगीता की शादी वर्ष 2020 में धौलाना के तिवारी मोहल्ला निवासी शुभम तोमर के साथ हुई थी और वह वर्तमान में पति के साथ खेड़ा गांव में रह रही थी। रविवार को घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद महिला ने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के बाद पति उसे तुरंत रामा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका करीब छह महीने के बच्चे की मां थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।