धौलाना (हापुड़)। चार दिन पहले मेरठ से लापता सेवानिवृत्त जज रवि मलहोत्रा (71) का शव सोमवार दोपहर धौलाना थाना क्षेत्र के गांव देहरा में गंग नहर स्थित झाल में अटका मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकाला। मृतक के हाथ में बंधी रस्सी और चोट के निशान देखते हुए परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
मेरठ की जुवेनाइल कोर्ट से सेवानिवृत्त जज रवि मलहोत्रा मेरठ की मधुबन कॉलोनी में रहते थे। मृतक के पुत्र भानू मलहोत्रा ने बताया कि 27 जून की शाम करीब साढ़े चार बजे उनके पिता घर से बिना कुछ बताए कार लेकर निकले थे। लेकिन रात तक घर नहीं पहुंचे तो उन्हें चिंता हुई। इसके बाद तलाश किया तो उनकी कार मेरठ में गंग नहर के किनारे खड़ी मिली थी। उसमें चाबी के अलावा रवि मलहोत्रा का मोबाइल, पर्स आदि मौजूद मिले थे। लेकिन चार दिन तक उनका कोई पता नहीं चला।
खुद ही तलाश कर रहे थे परिजन
परिजनों ने मेरठ पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस ने गंभीरता से तलाश नहीं किया। नहर में आत्महत्या या हत्या की आशंका को देखते हुए सोमवार को परिजन नहर में तलाशते हुए धौलाना पहुंचे और देहरा झाल में शव फंसा देख मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जानकारी मेरठ पुलिस को दी।
एक हाथ में बंधी थी रस्सी
नहर में बहकर आए शव के एक हाथ में रस्सी बंधी हुई थी। जबकि सिर और पेट पर कुछ घाव थे, हालांकि पुलिस इसे कई दिन पुराना शव होने के कारण ऐसा होना बता रही है। लेकिन हाथ में बंधी रस्सी हत्या की ओर इशारा कर रही है। माना जा रहा है कि करीब तीन फुट की प्लास्टिक की रस्सी किसी ने उनके हाथ में बांधी और उनकी हत्या कर शव को पानी में फेंक दिया गया है। हालांकि पुत्र ने किसी से रंजिश या झगड़े की सूचना से इन्कार किया है।
प्लॉट लेने की योजना बना रहे थे रवि मलहोत्रा
बेटे भानू ने बताया कि उनके पिता ने बताया था कि वे मेरठ में भोले की झाल पर एक प्रोपर्टी डीलर के माध्यम से प्लॉट लेने की योजना बना रहे थे। उन्होंने वहां जाने की बात कही थी। लापता होने पर भानू यही सोचकर झाल पर पहुंचे थे कि कहीं उनके पिता यहां प्रोपर्टी डीलर के पास तो नहीं आए। इसी दौरान उन्हें उनकी कार खड़ी मिली। यहां लगे एक सीसीटीवी में भी उनके पिता सड़क किनारे टहलते नजर आ रहे हैं।
कोट -
मृतक के पुत्र ने शव की शिनाख्त की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। मेरठ पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।-स्तुति सिंह सीओ।