कुचेसर चौपला। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-9 स्थित झिलमिल ढाबे के पास एक कंटेनर में चालक का शव पड़ा मिला है। प्रथम दृष्टया ब्रेन हेमरेज द्वारा चालक की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, पुलिस शव को कब्जे में लेकर अन्य चालकों से पूछताछ कर रही है।
नेशनल हाईवे-9 स्थित झिलमिल ढाबे के पास रविवार की शाम एक कंटेनर में चालक के शव होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर सीओ वरुण मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। अन्य कंटेनर चालकों ने बताया कि राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ निवासी चालक बागचंद शनिवार को अपने कंटनेर में सीमेंट भरकर जिला रामपुर के लिए चला था। रविवार को वह कंटेनर लेकर नेशनल हाईवे-9 स्थित झिलमिल ढाबे के पास पहुंचा और कंटेनर को यहां खड़ा दिया। चालकों ने पुलिस को बताया कि बागचंद ने अधिक शराब पी रखी थी और वह उल्टियां कर रहा था, इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद वह कंटेनर में सो गया था। चालकों ने कंटेनर में अंदर जाकर देखा तो बागचंद के नाक व कानों से खून निकल रहा था। इससे उसकी ब्रेन हेमरेज से मौत होने की आशंका है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।