गढ़मुक्तेश्वर। सोमवार की शाम गांव अठसैनी में हाईवे किनारे गन्ने के खेत में एक व्यक्ति का अर्द्धनग्न शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीण हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
शाम करीब छह बजे गांव के कुछ लोग जंगल में घूमने के लिए गए थे, जहां उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक गन्ने के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। वहीं सूचना के बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन काफी प्रयास के बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक के शरीर पर केवल जींसनुमा हॉफ पेंट मौजूद थी, इसके अलावा कोई कपड़ा नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक आसपास का रहने वाला नहीं है, जिसके चलते प्रतीत हो रहा है कि उसकी हत्या कर शव यहां फेंका गया है।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा। क्योंकि मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। आसपास के थानों को भी सूचित कर मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।