हापुड़। रविवार रात लायंस क्लब ने डांडिया नाइट का आयोजन किया। इसमें युवआओं और महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में जमकर नृत्य किया। ढोल-नगाड़ों और गरबा की धुनों और डांडिया क्वीन अलीशा के गीतों पर हर कोई थिरकता नजर आया। इस दौरान लक्की ड्रा के छह विजेताओं को चांदी के 10, 20 और 50 ग्राम के सिक्के उपहार में दिए गए। कार्यक्रम में बच्चों के लिए मैजिक शो का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम अभिषेक पांडेय, एचपीडीए के वीसी डॉ. नितिन गौड, ब्रिगेडियर अजय गर्ग, एडीएम संदीप कुमार, एएसपी विनीत भटनागर और संस्था के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डीएम अभिषेक पांडेय ने जिले के सरकारी स्कूलों में कमरों का निर्माण कराने के लिए क्लब के सदस्यों से सहयोग मांगा। इस पर क्लब से जुड़े उद्यमी संजय कृपाल व प्रदीप गुप्ता ने कहा कि कम से कम एक कमरे का निर्माण जरूर कराया जाएगा।
वीसी डॉ. नितिन गौड ने कहा कि क्लब द्वारा जो सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उसके लिए सभी को पदाधिकारियों की सराहना करनी चाहिए। ब्रिगेडियर अजय गर्ग ने कहा कि हमारी एकता में ही ताकत है। हमारी मन में देश के प्रति सेवा की भी यही भावना रहनी चाहिए। एडीएम संदीप कुमार और एएसपी विनीत भटनागर ने भी विचार व्यक्त किए।
क्लब के अध्यक्ष अशोक चौकड़ायत ने कहा कि क्लब द्वारा एंबुलेंस, अंतिम यात्रा वाहन और कई स्थानों पर वाटर कूलर लगवाए गए हैं। क्लब के चेयरमैन सचिन एसएम ने कहा कि रोशनी के त्योहार दिवाली पर सभी के जीवन में खुशियां लाने का काम करें। क्लब का उद्देश्य सामाजिक कार्यक्रमों के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित करना है। सचिव प्रणव आर्य, राकेश वर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। संस्था के इंटरनेशनल डायरेक्टर विनय मित्तल, जिला गर्वनर डॉ. विनय सिसोदिया, आईपीएमसीसी एमडी 321 पंकज बिजलवान, प्रथम जिला उपाध्यक्ष गवर्नर सीए आदित्य गुप्ता, द्वितीय जिला गवर्नर नवनीत अग्रवाल को सम्मानित किया गया। देर रात तक डांडिया नाइट में युवा और महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। इस दौरान बच्चों के लिए मैजिक शो और अन्य प्रकार के खेल भी थे, जो बच्चों को काफी पसंद आए।
इस दौरान गंगा काउंटी बाय एटमनी के चेयरमैन नवनीत सिंह, विजय गोयल, प्रमोद गर्ग, राकेश गर्ग, अशोक गुप्ता, चक्रवर्ती गर्ग, अतुल गुप्ता, अनुज जैन, सुरेश कुमार गुप्ता, सौरभ अग्रवाल, भरत कृपाल, विनेश कृपाल, सुबोध आर्य, अजय मित्तल आदि मौजूद रहे।