हापुड़। गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को सीटी स्कैन की 9 फरवरी तक वेटिंग दी जा रही है। जरूरत वाले मरीजों को भी उनका हाल जाने बगैर वापस लौटाया जा रहा है। वहीं, नई अल्ट्रासाउंड मशीन चालू हो गई है। पुरानी मशीन को जिला अस्पताल भेजने की तैयारी है, इससे मरीजों को लाभ मिल सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के पास सिर्फ एक ही सीटी स्कैन मशीन है, प्राइवेट में बेहद महंगा टेस्ट होने की वजह से यहां दूर दराज से मरीज आते हैं। शनिवार को पिलखुवा निवासी अनवर हसन अस्पताल पहुंचा, उसके कमर के नीचे का हिस्सा काम नहीं कर रहा था। चिकित्सक ने सीटी स्कैन लिख दिया।
लेकिन उसके पर्चे पर सीटी स्कैन की तिथि 9 फरवरी दी गई। अनवर का पुत्र अधीक्षक से लेकर चिकित्सकों से गुहार लगाता घूमता रहा। लेकिन उसकी बात किसी ने नहीं सुनी, बाद में वह सीटी स्कैन करने वाले कर्मचारियों से गुहार लगाता रहा। जिसके बाद उसे सोमवार को आने के लिए बोला। इसी तरह न जाने कितने मरीजों को चलता कर दिया जाता है।
-
-सप्लाई नहीं मिलने से बंद रही मशीन-
शनिवार को अस्पताल की सप्लाई प्रभावित रही। ऐसे में सीटी स्कैन मशीन कई घंटे तक बंद ही रही। मरीज इंतजार करते रहे। वहीं, ओपीडी और फार्मेसी भी मोबाइल की टॉर्च में ही चली।
-
-दो रेडियोलॉजिस्ट, मरीजों को मिल सकती है राहत-
जिले में स्वास्थ्य विभाग पर दो रेडियोलॉजिस्ट हैं, नई अल्ट्रासाउंड मशीन के चालू होने से पुरानी को अस्पताल में ही रख दिया गया है। ऐसे में यदि इस मशीन को जिला अस्पताल में लगा दिया जाए तो दूसरे रेडियोलॉजिस्ट वहां जाकर मरीजों को सुविधा दे सकते हैं। ऐसे में मरीजों को जांच के लिए न तो भटकना पड़ेगा और न ही क्यूआर कोड लेकर प्राइवेट सेंटर पर जाना पड़ेगा।
-
-जरूरत वाले मरीजों की हो त्वरित जांच-
जिन मरीजों की हालत ठीक नहीं है, उन्हें त्वरित उपचार और जांच की सुविधा मिलनी चाहिए। 9 फरवरी तक की वेटिंग के मामले में जानकारी की जाएगी। मरीजों को हर संभव बेहतर उपचार देने के निर्देश दिए हैं।डॉ.सुनील त्यागी, सीएमओ।
जतिन त्यागी ०३एचपीआर