सुप्रीम कोर्ट द्वारा बीएस-3 मानक वाहनों की बिक्री पर लगी पाबंदी के बाद दुपहिया वाहनों पर छूट का लाभ लेने के लिए शुक्रवार को भी शोरूम पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। हालांकि पहले ही स्टॉक समाप्त होने के कारण अधिकतर ग्राहकों को मायूसी हाथ लगी।
रजिस्ट्रेशन के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बीएस-3 वाहनों की बिक्री पर बुधवार को रोक लगा दी थी। जिसके बाद दुपहिया वाहन की एजेंसियों ने जल्द से जल्द स्टाक समाप्त करने के लिए दुपहिया वाहनों की कीमत में 12 हजार रुपये तक कमी कर दी।
दाम गिरने के बाद एजेंसियों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार को भी एजेंसियां खुलने से पहले ही लोगों ने यहां लाइनें लगा ली, लेकिन इस दौरान अधिकतर एजेंसियों पर जल्दी ही स्टॉक खत्म हो गया।
वाहन लेने के लिए लोग एजेंसियों पर सिफारिश तक करते नजर आये। कुल मिलाकर पूरे दिन एजेंसियों पर मारामारी की स्थिति रही। उधर, नए खरीदे गए बीएस-3 वाहनों का रजिस्ट्रेशन की भी अंतिम तिथि थी।
ऐसे में परिवहन विभाग पर भी सुबह से ही लोगों की भीड़ दिखायी दी। लोग बड़ी संख्या में अपने वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए मेरठ रोड स्थित परिवहन विभाग पर पहुंचे।
एआरटीओ प्रशासन एसएस सिंह ने बताया कि शुक्रवार को काफी संख्या में रजिस्ट्रेशन हुये हैं। हालांकि सही संख्या शनिवार में पता चल सकेगी।