बाबूगढ़। गांव छपकौली के पास से गुजर रही काली नदी के किनारे चर रही दो गायों को एक मगरमच्छ नदी में खींच ले गया। मौके पर जमा हुए ग्रामीणाें ने लाठी-डंडों और पत्थरों से मगरमच्छ को भगाकर गायों को बाहर निकाला। घटना को लेकर जहां ग्रामीण दहशत में हैं। वहीं, वन विभाग शुक्रवार को गांव में पहुंचकर मगरमच्छ की तलाश करेगा।
सतीश मसंद ने बताया कि गांव के पास से ही काली नदी गुजर रही है। इसके आसपास ग्रामीणों के पशु चरते रहते हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर बाद दो गायें नदी के किनारे चर रही थीं। इसी दौरान काली नदी से निकले एक मगरमच्छ ने दोनों गायों को पकड़ लिया और उन्हें खींचकर नदी में ले गया। गनीमत रही कि गायाें को नदी में ले जाते हुए कुछ ग्रामीणों ने देख लिया। शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों और पत्थरोंं के माध्यम से मगरमच्छ को भगा दिया। मगरमच्छ के छिपने के बाद ग्रामीणों ने रस्सों के सहारे गायों को बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग की दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मगरमच्छ काफी दिनों से नदी में आने वाले मृत मवेशियों में खाता था, लेकिन बृहस्पतिवार की घटना के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों में रोष है। वन रेंजर मुकेश कंडपाल से इस संबंध में संपर्क किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। एसडीएम ईला प्रकाश का कहना है कि शुक्रवार को वन विभाग की टीम को मौके पर भेजकर मगरमच्छ की तलाश की जाएगी।