देहात थाना क्षेत्र के जरौठी रोड पर लकड़ी आढ़ती सहित दो व्यवसायियों से रविवार पूर्वाह्न बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल के बल पर करीब 80 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारकर एक व्यवसायी की हत्या कर दी। शनिवार को भी एक गैस एजेंसी के कैशियर से बदमाशों ने 90 हजार रुपये लूट लिए थे।
पुलिस के अनुसार आर्यनगर निवासी रामवीर (55) पुत्र सरदार सिंह की देहात थाना क्षेत्र के जरौठी रोड पर लकड़ी की आढ़त है। रविवार करीब 11 बजे वह नौकर के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान न्यू सुभाष नगर निवासी विजयपाल अपनी बकाया 20 हजार रुपये लेने पहुंचे।
रामवीर ने अपनी जेब में रखे करीब 80 हजार रुपये में से 20 हजार रुपये निकालकर विजयपाल को पकड़ा दिए। इसी दरम्यान बाइक सवार दो बदमाश दुकान पर पहुंचे। बदमाशों में से एक ने पिस्टल निकालकर दोनों व्यापारियों पर तान दिया और रुपये निकालने को कहा।
बदमाशों ने विजयपाल की जेब में रखे 21 हजार रुपये और रामवीर से करीब 60 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने रामवीर से उसकी अंगूठी उतारने को कहा तो रामवीर ने इसका विरोध किया। इसपर बदमाश ने रामवीर पर पिस्टल से फायर झोंक दिया।
गोली रामवीर की बाजू में लगी और वह नीचे गिर गए। इसके बाद बदमाश भाग गए। आसपास के लोगों ने व्यवसायी को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी हेमंत कुटियाल और इसके बाद डीआईजी केएस इनोमुअल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। चश्मदीद विजयपाल को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया हुआ है। मृतक के पुत्र ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है।
एसपी ने बताया कि जांच के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। गोली व्यवसायी की बाई बाजू में लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह पता चलेगा कि बाजू में गोली लगते ही व्यवसायी की मौत कैसे हो गई।
ताबड़तोड़ वारदातों से शहर में दहशत
तीन में तीन लूट और दो हत्याओं से शहर में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हो रही वारदात से लोगों में दहशत के साथ गुस्सा है। जिले में नए कप्तान भले ही अपराध पर नियंत्रण करने के लिए अधिकारियों को कड़े आदेश दे चुके हों। लेकिन वर्तमान मेें जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है।
तीन दिन में सबली रोड पर पेट्रोल पंप पर सुपरवाइजर सोनू की लूट के बाद हत्या, मेरठ रोड फ्लाईओवर के पास गैस एजेंसी के कैशियर के साथ मारपीट कर 90 हजार रुपये की लूट के बाद रविवार को लूट के बाद बिना किसी विरोध करने के बावजूद वृद्ध की गोली मारकर हत्या की वारदात से यह साबित हो रहा है कि बदमाशों को पुलिस का कतई खौफ नहीं है।
हालांकि एसपी जल्द ही स्थिति में सुधार का आश्वासन दे रहे हैं। एसपी हेमंत कुटियाल का कहना है कि कुछ घटनाओं में पुलिस खुलासे के करीब और कुछ का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
युवक से तमंचे के बल पर नकदी-मोबाइल लूटी
मुकीमपुर पबला रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर युवक से 25 सौ रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी है। फरीदनगर निवासी सुमित का रिश्तेदार निजी अस्पताल में भर्ती है। रविवार दोपहर सुमित उसे देखने के लिए पिलखुवा आया था।
लौटते समय मुकीमपुर पबला रोड पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोक लिया। बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर 25 रुपये नकदी और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने युवक की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी दीपक त्यागी ने बताया कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।