दिल्ली रोड स्थित कालोनी से दो दिन पहले चार विद्युत पोल चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने रविवार की रात आनंद विहार से चोरी के विद्युत पोल के साथ चार बदमाशों को गिरफ्तार किया।
पुलिस को उनके पास से दो बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस बाइक के बारे में जानकारी कर रही है। एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 11 जून को दिल्ली रोड स्थित अपना घर कालोनी से चार विद्युत पोल चोरी हो गए थे।
इस संबंध में सर्वोदय कालोनी निवासी नगर पालिका के ठेकेदार मनोज कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार रात सूचना मिली कि आनंद विहार आवासीय योजना में चार बदमाश विद्युत पोलों को कहीं ले जाने की फिराक में है।
पुलिस के मौके पर पहुंचने पर वहां खड़े चार बदमाश भागने लगे। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। बदमाशों के पास से दो बाइक भी बरामद हुई है।
पकड़े गए चारों में से एक युवक दिल्ली रोड बिजलीघर पर शिकायत सुनने का काम करता है। उसका नाम अतुल उर्फ ढोलू निवासी खासपुर थाना खरखौदा जिला मेरठ है।
बाकी के तीन बदमाश जिला गाजियाबाद के कोतवाली मोदीनगर के गांव बहादुरपुर निवासी प्रदीप कुमार और मनीष व देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला फूलगढ़ी कोटला निवासी राशिद है।