दो छात्राओं से छेड़छाड़ और मोबाइल नंबर न देने पर मनचलों द्वारा पीटने के मामले में ग्रामीणों ने रविवार को बहादुरगढ़ थाने का घेराव कर हंगामा किया।
हंगामे के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की और ताबड़तोड़ दबिश देकर एक मनचले को दबोच लिया।
ज्ञात हो कि बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के दो गांवों को दो छात्राएं शनिवार को कॉलेज की छुट्टी के बाद घर लौट रही थीं।
डेहरा कुटी के बाजार में सरेराह बाइक सवार तीन युवकों ने उनसे छेड़छाड़ की और विरोध करने पर मनचलों ने छात्राओं को थप्पड़ जड़ दिए थे।
छात्राओं ने गांव नानई निवासी नितिन, शिवम और नन्हे के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी थी, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज न कर परिजनों को टरका दिया।
इसके बाद ग्रामीणों में रोष फैल गया। उन्होंने रविवार को तीनों मनचलों की गिरफ्तारी की मांग कर थाने पर हंगामा कर दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि मनचलों के विरुद्ध कार्रवाई न होने तक वे थाने से नहीं हटेंगे। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। उसने छेडछ़ाड़, मारपीट और हरिजन उत्पीड़न एक्ट में एफआईआर दर्ज कर गांव नानई में दबिश दी और एक आरोपी नितिन को दबोच लिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
छेड़खानी और मारपीट के मामले में छात्राओं की तहरीर पर नानई निवासी शिवम, नन्हे और नितिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। - वाईके पूनिया, इंस्पेक्टर, बहादुरगढ़ थाना