थाना बाबूगढ़ पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान श्यामपुर जट्ट गांव के समीप से एक मिनी ट्रक सहित गोवंशों की खाल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 60 गोवंशों की खाल बरामद कर एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ पुलिस द्वारा गांव श्यामपुर जट्ट के समीप वाहन चेकिंग की जा रही थी। तभी पुलिस को एक मिनी ट्रक आता दिखाई दिया। जिसे पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो वह भागने लगा।
पुलिस ने घेराबंदी कर मिनी ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने मिनी ट्रक से 60 गोवंश की खाल बरामद की। पुलिस पूछताछ में तस्करों ने अपने नाम नसीमुद्दीन निवासी गांव शाहपुर किठौर व नईम निवासी कस्बा किठौर बताया है।
पुलिस पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वह किठौर से खाल लेकर हापुड़ में बेचने के लिए आ रहे थे। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके अन्य साथियों की भी खोजबीन की जा रही है।