कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास संजय विहार कालोनी में शुक्रवार को दिनदहाड़े दो मकानों के ताले तोड़कर चोर करीब साढ़े चार लाख का माल समेट ले गए। लोगों ने एक बदमाश को दबोचकर उसकी धुनाई कर दी, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया है।
संजय विहार ए ब्लॉक में मशीन का कारोबार करने वाले राजेश त्यागी अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार सुबह दस बजे वह अपनी पत्नी पूनम त्यागी के साथ बीमार पुत्र को दिखाने के लिए फ्रीगंज रोड पर स्थित एक चिकित्सक के पास आए थे।
दोपहर करीब दो बजे घर लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला। वह अंदर गए तो सामान तितर-बितर देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने सेफ का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 1.10 लाख रुपये नगद, सोने की तीन अंगूठी, एक गले का सेट,
मंगल सूत्र, हाथों के दो जोड़ी कड़े, गले की चैन, कानों के कुंडल चोरी कर ले गए। दिनदहाड़े चोरी की सूचना पीड़ित ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
इसके अलावा संजय विहार में ही फार्म हाउस संचालक दिनेश कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। दोपहर के समय दिनेश कुमार की पत्नी बाजार चली थी,जबकि वह अपने फार्म हाउस पर थे।
दोपहर के समय दिनेश कुमार अपने घर पर खाना खाने के लिए आये तो देखा कि बाइक सवार दोनों चोर भाग रहे हैं। इस पर दिनेश ने एक को मौके से दबोच लिया और लोगों की मदद से उसकी जमकर धुनाई कर दी।
पकड़ा गया आरोपी बुलंदशहर रोड का रहने वाला है। दिनदहाड़े चोरी की वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को कोतवाली ले आई। जहां उससे पूछताछ करते हुए फरार साथी की तलाश की जा रही है।
पीड़ित गृहस्वामी ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।