कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में सोमवार देर रात दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक युवक ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। गाजियाबाद के कोलंबिया अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले में पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। मोहल्ला गढ़ी निवासी महराज ने बताया कि उसकी बेटी साहिबा (21) का
विवाह एक साल नौ महीने पूर्व मोहल्ले के ही फहीम पुत्र इदरीश के साथ हुआ था। शादी में उसने हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था, लेकिन सुसराल पक्ष के लोग कार और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर अक्सर साहिबा को ताने देते थे और उससे मारपीट करते थे।
सोमवार रात साढ़े नौ बजे दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर सुसराल पक्ष के लोगों की साहिबा से कहासुनी हो गई। इस दौरान फहीम ने साहिबा के पेट में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए।
लोगों ने सहिबा को गाजियाबाद के कोलंबिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात 1.30 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर साहिबा के परिजन अस्पताल पहुंचे।
मंगलवार को साहिबा के पिता महराज की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति फहीम, ससुर इदरीश, सास वसीला, ननंद गुड्डी, जेठ नदीम और नईम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल अजय अग्रवाल ने बताया कि फहीम समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
फहीम को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, सीओ डॉ. अतुल यादव ने बताया कि कोतवाल को नियमानुसार जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।