थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के सरावनी गांव में एक शिक्षिका को संदिग्ध हालात में गोली लग गई। शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसके पति व अन्य ससुरालियों पर गोली मारने का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत पुलिस से की है।
वहीं, पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। जानकारी के मुताबिक, बाबूगढ़ के सरावनी निवासी सबीना (35) की शादी दो वर्ष पूर्व मेरठ के सिवाल गांव निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। सबीना सरावनी के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है।
शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। 16 दिसंबर 2016 को ससुरालियों ने मारपीट कर शिक्षिका को घर से निकाल दिया था। वह ढाई महीने से मायके में रह रही थी। इस संबंध में मेरठ के थाने में एनसीआर दर्ज कराई थी।
आरोप है कि रविवार शाम उसका पति अपने परिजनों के साथ उसे लेने के लिए सरावनी आया। देर शाम वह कार से उसे साथ लेकर जाने लगे, जैसे ही कार सरावनी-मुदाफरा मार्ग पर पहुंची तो उसके पति ने परिजनों के साथ मिलकर उसे गोली मार दी।
गोली सबीना की गर्दन में लगी। घटना के बाद ससुराल वाले सबीना को कार से फेंककर भाग गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। वहीं, थानाध्यक्ष यतेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृश्यता मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच में दोषी मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।