कोर्ट मैरिज करने वाले प्रेमी युगल को सोमवार को तहसील पर साथ-साथ देख युवती के परिजन तैश में आ गए। युवती को खींचकर घर ले जाने लगे, युवक के विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई की।
बात बढ़ने पर प्रेमी युगल ने सीओ सिटी कार्यालय में घुसकर जान बचाई और ऑनर किलिंग का अंदेशा जताया। बाद में प्रेमी युगल को कोतवाली भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
गाजियाबाद के एक मोहल्ला निवासी युवक ने 07 अप्रैल 2016 को नगर की ही रहने वाली एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों अपने घर में राजी खुशी जीवन यापन कर रहे थे,
लेकिन उनके प्रेम विवाह से युवती के परिजन खुश नहीं थे। 27 अप्रैल को युवती के मायके वाले आए और विदा कराने की बात कहकर उसे लिवा ले गए। पहली मई को वह पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचा तो उसे मारपीट कर धक्का देकर भगा दिया गया।
युवक के मुताबिक सोमवार को उसकी पत्नी किसी तरह घर से निकलकर तहसील चौपला पर उससे मिली। तभी युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए और जबरदस्ती अपने साथ ले जाने के लिए खींचने लगे।
विरोध करने पर हाथापाई कर जान से मारने की धमकी दी। किसी प्रकार वह और उसकी पत्नी सीओ सिटी कार्यालय पहुंचे और ऑनर किलिंग का खतरा जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सीओ कार्यालय से नवदंपति को कोतवाली भेजा गया है। एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि मामले की जांच शुरू करा दी गई है।