स्वास्थ्य विभाग से कार्रवाई कराने की धमकी देकर निजी चिकित्सक से रकम ऐंठने की कोशिश करने वाले कथित पत्रकारों को चिकित्सक ने घेराबंदी कर दबोच लिया, जबकि उनके तीन साथी भाग निकले।
सिंभावली के गांव बक्सर में एक निजी नर्सिंग होम पर मंगलवार सुबह एक महिला समेत सात युवक पहुंचे। इन्होंने महिला को गर्भवती बताकर लिंग परीक्षण करने की बात कीं। चिकित्सक ममता सिंधू के अनुसार उन्होंने लिंग परीक्षण को गैर कानूनी बताकर ऐसा करने से मना कर दिया।
इसके बावजूद महिला और उसके साथी नर्सिंग होम में लिंग परीक्षण का गोरखधंधा चलने का आरोप लगाने लगे। महिला के दो साथी खुद को टीवी चैनल का पत्रकार बताकर रौब गांठने लगे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से कार्रवाई कराने की धमकी देकर वसूली की मांग की।
संदेह होने पर चिकित्सक ममता सिंधू ने आसपास के कई चिकित्सकों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में कई चिकित्सक नर्सिंग होम पर पहुंच गए। मगन सिंह, गोपाल, कपिल शर्मा, धीरज, जराफत, सतबीर सिंह, जेवीएस सिंधू,
बब्लू समेत चिकित्सकों ने घेराबंदी कर महिला समेत उसके चार साथियों को दबोच लिया, लेकिन भीड़ में छिपकर उनके तीन साथी भाग गए। इनको पुलिस को सौंप दिया गया। सूचना मिलते ही डीएसपी एसपी दूबे और विशाल यादव थाने पर पहुंच गए। पकड़े गए युवकों से पूछताछ की तो फर्जीवाड़े की हकीकत सामने आ गई।
एसओ एनके शर्मा का कहना है कि पकड़ी गई टीम से वीडियो और स्टिल कैमरे, एक टीवी चैनल की आईडी बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि पकड़े जाने वालों में नंदकिशोर यादव, दिनेश कुमार, अजय कुमार मोदीनगर और कुमारी निशा मेरठ शामिल है।
जिनके खिलाफ सिंभावली के चिकित्सक कपिल शर्मा और बक्सर की ममता सिंधू को भयभीत कर रंगदारी मांगने और फर्जी ढंग में खुद को टीवी पत्रकार बताने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इनके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।