सुसराल से लौट रहे बाइकसवार दंपति को देहरा नहर के रावली पुल के पास तीन बदमाशों ने लूट लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दंपति की बाइक रोकी और उनके बच्चे के गले में चाकू रख दिया था। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।
जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के थाना मसूरी के गांव नाहल निवासी इस्लाम अपनी पत्नी गुलिस्ता पुत्र अबूजर (3) के साथ बाइक से देहरा नहर की पटरी से नाहल गांव के लिए जा रहे था। मसूरी-देहरा के बीच रावली पुल के पास बाइकसवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने पति-पत्नी पर तमंचा तान दिया और अबूजर के गले में चाकू लगा दिया। बदमाशों ने इस्लाम की पत्नी का पर्स और पांच हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान एक ग्रामीण को आता देखकर बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग गए।
घटना की सूचना पीड़ित ने 100 पर दी। धौलाना थाने की यूपीएसआईडीसी चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह राणा मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने बताया किघटना धौलाना थाना क्षेत्र की नहीं है, फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही सूचना मसूरी पुलिस को दी गई।