कुचेसर रोड चौपला स्थित पेट्रोल पंप के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, देहात थानाक्षेत्र के काठीखेड़ा गांव में भैंसा-बुग्गी में ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी, जिससे बुग्गी में सवार महिला व दो बच्चे घायल हो गए। इसी तरह, एक अन्य हादसे में लुकरड़ा की महिला समेत दो ग्रामीण घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है।
उपैड़ा निवासी मुन्नी (50) पत्नी सतवीर अपने पड़ोसी यामीन पुत्र बुद्धू खां के साथ बाइक से सिंभावली जा रही थी। जैसे ही उनकी बाइक कुचेसर रोड चौपला स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची। पीछे से कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में मुन्नी की मौके पर मौत हो गई जबकि यामीन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार को हिरासत में ले लिया है। बाबूगढ़ एसओ विजय बहादुर सिंह का कहना है कि आरोपी चालक कार को छोड़कर भागने में कामयाब हो गया है।
कार को कब्जे में ले लिया गया है। उधर, काठीखेड़ा निवासी मनतेष अपने बच्चों निधि व ऋतिक को साथ लेकर भैंसा-बुग्गी से चारा लेने जंगल जा रही थी। जैसे ही वह नहर किनारे पहुंची। सामने से आ रही ट्रैक्टर ने बुग्गी में टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर सहित चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं, लुखराड़ा निवासी रुपवती पत्नी गुलाब सिंह अपने पड़ोसी अमित के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रही थी। जैसी ही उनकी बाइक गुलावठी के पास पहुंची सामने से आ रही बाइक ने उनसे टकरा गई।
जिससे अमित व रुपवती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने रुपवती को देवनंदिनी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।