कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला शमशाद रोड पर बुधवार की शाम नमाज पढ़कर लौट रहे किशोर को वहीं के तीन युवकों ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मोहल्ले वालों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया,
जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर कर दिया। घायल के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस आरोपी युवकों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। मोहल्ला शमशाद रोड निवासी 13 वर्षीय सलमान(13) बुधवार की शाम नमाज पढ़कर घर लौट रहा था।
घर से कुछ दूर पहले मोहल्ले के तीन युवकों से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ने पर तीनों युवकों ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
चीखने की आवाज सुनकर मोहल्ले वालों ने पहुंचकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया है। घायल किशोर के परिजनों ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।
उधर, कोतवाल यशवीर का इस बाबत कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।