ब्रजघाट क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को जंगल में चारा लेकर लौट रही किशोरी से दो युवकों ने गन प्वाइंट पर लेकर रेप करने की कोशिश की। जबरदस्ती करने पर किशोरी के शरीर पर चोटें भी आई हैं।
किशोरी के शोर मचाने पर पास के खेतों में काम कर रहे किसानों को आता देख आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता के परिजनों ने चौकी पहुंचकर शिकायत की, मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
इस पर गुस्साए भाकियू के पदाधिकारियों ने पुलिस चौकी घेरकर हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डीएसपी और कोतवाल ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर कार्यकर्ता शांत हुए।
ब्रजघाट क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी जंगल से चारा लेकर घर को लौट रही थी। रास्ते में घात लगाकर खड़े गांव निवासी दो युवकों गन प्वाइंट पर उसे गन्ने की फसल में खींचकर गैंगरेप की कोशिश करने लगे। इस पर किशोरी ने शोर मचा दिया।
किशोरी का शोर सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे किसानों को आता देख आरोपियों पुलिस में कोई भी शिकायत करने पर किशोरी समेत उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को आप बीती बताई।
इस पर परिजन उसे ब्रजघाट चौकी लेकर पहुंचे। मगर पुलिस ने रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने की खबर मिलते ही भाकियू पदाधिकारियों में रोष फैल गया। राष्ट्रीय सचिव सतबीर चौधरी, जिला संगठन मंत्री सतबीर चौहान,
जिला सचिव मूलचंद यादव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने ब्रजघाट चौकी का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय और इंस्पेक्टर समरजीत सिंह चौकी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ हरसंभव स्तर पर कार्रवाई कराने का भरोसा देकर कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
इसके बाद पीड़ित किशोरी को उसके परिजनों समेत जिला मुख्यालय हापुड़ के महिला थाने को भेज दिया गया है।