रंग लगाने से गुस्साए पड़ोसियों ने टेलर की लाठी-डंडों पीटकर हत्या कर दी
- फोटो : अमर उजाला
देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला भगवानपुरी में होली पर रंग लगाने से गुस्साए पड़ोसियों ने एक टेलर की लाठी-डंडों और लात-घूसों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक टेलर के बेटे ने बाप-बेटे समेत तीन लोगों पर हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। घटना के बाद से सभी आरोपी भागे हुए हैं।
मोहल्ला भगवानपुरी निवासी नंदू (46) टेलर का काम करता था। बृहस्पतिवार शाम नंदू का पड़ोस में रहने वाले रामकुमार से रंग लगाने पर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि रामकुमार, उसके पुत्र मोहित और एक अन्य व्यक्ति ने नंदू को लाठी-डंडों और लात-घूसों से पीटा।
नंदू को गहरी चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी फरार हैं। आसपास के लोगों ने तत्काल देहात पुलिस को सूचना दी। एसओ देहात दीक्षित त्यागी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।
मृतक नंदू के बेटे सचिन ने रामकुमार, मोहित और सुरेश के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया है। एसओ देहात दीक्षित त्यागी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।