थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत मुबारिकपुर सलामतपुर गांव में एक-दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों में मारपीट हो गई। एक पक्ष से एक युवक घायल हो गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
जानकारी के अनुसार मुबारिकपुर सलामतपुर गांव निवासी हरेंद्र वाल्मिकी व फरमान दोनों अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थक हैं। बुधवार दोपहर गांव में ही दोनों के बीच राजनीतिक बहस होने लगी। दोनों अपने-अपने प्रत्याशी की जीत के दावे करने लगे।
इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, मामला मारपीट तक पहुंच गया। सिर में चोट लगने से फरमान घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को समझा बुझाकर शांत कराया।
पीड़ित फरमान ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। थाना प्रभारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि मामला गंभीर है। शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।