आए दिन शराबी बाप की चिक्लस और घर में होने वाली कलह ने वृद्ध मां से जवान बेटा छीन लिया वहीं जवान बेटे को फांसी पर लटका देख शराबी बाप ने भी दम तोड़ दिया। यह दर्दनाक घटना धौलाना थाना क्षेत्र की सपनावत चौकी अन्तर्गत गांव बझैड़ा कलां गांव में अलसुबह घटित हुई।
गांव बझैड़ा कलां में फकीरा प्रजापति 68 वर्षीय अपनी पत्नी राजवती व अपने अविवाहित 20 वर्षीय दीपक उर्फ डीके के साथ रह रहा था। दोनों बड़े बेटे योगेश व राजेश अपने परिवार के साथ कई वर्षो से अलग रहते हैं। दोनों बेटी शादी शुदा है।
भूमिहीन फकीरा दिनभर साइकिल पर छोले बेच कर गुजारा करने वाला फकीरा प्रजापति शराब पीने का इस कदर आदी था कि शराब पीने को लेकर वह आए दिन घर में क्लेश कर पत्नी व बेटे से झगड़ा करने से नहीं चूकता था।
अविवाहित दीपक भी मजदूरी मिलने पर काम करने से कभी पीछे नहीं रहा। पड़ोसियों के मुताबिक बीती रात फकीरा ने शराब पीकर घर में जमकर विवाद किया। बाप बेटों में देर रात तक विवाद होता रहा। विवाद से क्षुब्ध बेटे ने घर के कुंदे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
जब सुबह शराबी पिता फकीरा ने शव को पड़ा देखा तो सदमे में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवो को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो परिजन पुलिस के विरोध पर उतारू हो गए।
ग्रामीणों के समझाने बुझाने पर परिजनों ने मुश्किल से दोनों शवों को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध मां राजवती के रूदन को देख संवेदना जताने पहुची भीड भीड गमजदा दिखी।
थानाध्यक्ष संजीव शुक्ला ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत लग रहा है। जांच पड़ताल की जा रही है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जल्द रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई का पता चल जायेगा।
धौलाना विधायक धर्मेश तोमर ने बाप बेटे की मौत पर घर पहुंचकर फकीरा की विधवा राजवती को सांत्वना दीं। विधायक ने परिजनों को ढाढस बधाते हुए मुख्य मंत्री राहत कोष के तहत आर्थिक मदद मुहैया कराने व विधायक निधि से सहायता करने का आश्वासन दिया है।