किठौर रोड पर दबिश देकर लौट रही एसओजी की जीप को शुक्रवार सुबह मेरठ रोड पर एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक सिपाही गंभीर घायल हो गया। हादसा होते ही ट्रक चालक भाग निकला।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार रात एसओजी टीम किठौर रोड स्थित एक गांव में किसी क्रिमिनल की तलाश में दबिश देने गई थी। शुक्रवार एसओजी की टीम जीप से हापुड़ लौट रही थी।
बताया गया कि मेरठ रोड पर परिवहन विभाग के कार्यालय से आगे एक ट्रक ने जीप में टक्कर मार दी। जिसमें एसओजी का सिपाही हरेंद्र घायल हो गया। ट्रक चालक कार्रवाई के डर से भाग गया।
लोगों ने एसओजी के सिपाही को नगर के अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। एसओजी प्रभारी संजय त्यागी ने बताया कि किठौर रोड से लौटते समय हादसा हुआ था।