कॉलेज जा रही छात्रा का शनिवार सुबह कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। शाम करीब पांच बजे बदमाश छात्रा को बेहोशी की हालत में ब्रजघाट के श्मशान घाट के पास फेंककर भाग गए।
परिजनों ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शुरुआती जांच में छात्रा के साथ रेप की पुष्टि नहीं हुई है। गढ़ की नई आबादी से जुड़े एक मुहल्ले में रहने वाली युवती जनपद बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे वह कॉलेज जाने के लिए घर से पैदल ही निकली थी। अंबेडकर पार्क के पास उसे कॉलेज की बस पकड़नी थी। नक्का कुआं रोड पर पहुंचते ही पीछे की तरफ से आई एक वैन में सवार तीन युवकों ने झटके के साथ दरवाजा खोला
और छात्रा को अंदर वैन में खींच लिया। देर शाम करीब पांच बजे छात्रा ने किसी राहगीर के मोबाइल से परिजनों को कॉल की और बताया कि कॉलेज जाने के दौरान रास्ते से उसे वैन सवार युवक अगवा कर ले गए थे।
विरोध करने पर युवकों ने उसे कोई नशीला पदार्थ खिला दिया था। इसके बाद जब युवती को होश आया तो वह ब्रजघाट में श्मशान घाट के पास सड़क किनारे पड़ी थी। सूचना मिलते ही परिजन आनन फानन में मौके पर पहुंचे
और बेटी को एक स्थानीय निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहां चेकअप के बाद परिजन युवती को लेकर कोतवाली पहुंचे। परिजनों ने अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ बुरी नियत से बेटी का अपहरण करने और उसे नशीला पदार्थ खिलाने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
इंस्पेक्टर समरजीत सिंह ने कहा कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है। मेडिकल जांच में प्रथम दृष्टया छात्रा के साथ रेप की आशंका से इंकार किया गया है।