गोद भराई करने आए परिवार को लूटने की कोशिश
- फोटो : अमर उजाला
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाड़ा में मेरठ से बेटे की शादी के लिए गोद भराई करने आए परिवार को लौटते समय शनिवार की रात गढ़-चौपला पर जवाहरगंज मंडी के गेट पास बाइक सवार दो युवकों ने लूटने की कोशिश की।
तभी पीछे से दूसरी कार में आ रहे परिजनों ने एक को दबोच लिया और धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। मेरठ जिले के गांव अगवानपुर निवासी नसीर खां अपने बेटे फरमान का रिश्ता तय होने पर शनिवार को बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाड़ा में परिवार के साथ लड़की की गोद भराई की रस्म अदा करने आए थे।
रस्म अदा करने के बाद लौटते समय रात करीब आठ बजे जैसे ही गढ़-चौपला पर जवाहरगंज मंडी के गेट के पास पहुंचे, बाइक सवार दो युवकों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक सवार युवकों ने कार में सवार नसीर की बेटी फातमा,
यासमीन, बेटे उम्मेद, उसकी बहू रेशमा, दामाद नूरो और गुलशन से लूटपाट की कोशिश करने लगे। परंतु इसी दौरान पीछे से दूसरी कार में सवार परिजन और रिश्तेदार वहां आ गए, एक युवक को दबोच लिया। उसका दूसरा साथी बाइक लेकर फरार हो गया।
परिजनों ने पकड़े गए युवक की जमकर धुनाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर समरजीत सिंह का कहना है कि लूटपाट की कोशिश का कोई भी मामला नहीं है। फिर भी फरार आरोपी की तलाश कराई जा रही है।