घरेलू सामान की खरीदारी कर स्याना से लौट रहे रिटायर्ड फौजी और उसकी पत्नी को गन प्वाइंट पर लेकर बाइक सवार बदमाश नगदी और मोबाइल लूट ले गए। बहादुरगढ़ के गांव जखैड़ा रहमतपुर निवासी रिटायर्ड फौजी पीतम सिंह शनिवार दोपहर पत्मी मी के साथ स्याना में घरेलू सामान खरीदने गए थे।
वापस लौटते समय रात करीब 9 बजे ठेरा से जखैड़ा वाले रास्ते पर गांव ढोलपुर के जंगल में तीन बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर उनकी बाइक रुकवा ली। बदमाशों ने दंपति को गन प्वाइंट पर लेकर कब्जे में कर लिया और फिर जेब में रखी आठ हजार की रकम समेत मोबाइल लूट लिया।
शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर लुटेरे अपनी बाइक पर सवार होकर भाग गए। पीड़ित दंपति ने गांव में पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई, जिस पर परिजन और ग्रामीण उन्हें साथ लेकर थाने में पहुंचे।
पुलिस ने रिपोर्ट लिखने की बजाए लुटेरों की जल्द धरपकड़ करने का भरोसा देकर उनको वापस भेज दिया। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार का कहना है कि लूट की सूचना नहीं मिली है।