सड़क किनारे ठिया लगा रहे एक अधेड़ को प्राइवेट बस ने कुचल लिया। घायल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बस चालक को हिरासत में ले लिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गढ़ नगर के मोहल्ला अंबेडकर कॉलोनी निवासी नानक मेरठ रोड पर रोडवेज बस स्टैंड के सामने सड़क किनारे ठिया लगाकर मूंगफली, नमकीन आदि बेचता है। नानक का 45 वर्षीय साला नरेंद्र भी पिछले 20 सालों से नानक के घर पर ही रहता था।
बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे नरेंद्र ठिए पर सामान लगा रहा था। गढ़-चौपला से किला परीक्षितगढ़-मवाना रोड पर चलने वाली प्राइवेट बस का चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और नरेंद्र को घसीटते हुए सड़क किनारे लगे टेलीफोन की लाइन के पोल से जा टकराया।
पोल और बस के बीच में फंसकर नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में नानक और उसके पास लगा आशा का ठिया भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल को बस के नीचे से निकाला और नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत में चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ ले जाने के दौरान रास्ते में ही नरेंद्र की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया। मृतक के भांजे संदीप की तहरीर पर पुलिस ने बस चालक किरतपाल निवासी आसमाबाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। व्यापारी नेता मूलचंद सिंघल, महेश सक्सेना, कमल त्यागी, संजय चावला,
मिंटू सक्सेना सहित दर्जनों व्यापारियों ने सड़क किनारे रोडवेज और प्राइवेट बसों को खड़ा करने पर रोक लगाने की मांग की। गढ़ चौकी इंचार्ज सरवन कुमार गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के वक्त गढ़ से मेरठ जाने वाले दर्जनों स्टूडेंट्स और नौकरीपेशा लोग सड़क किनारे खडे़ होकर बस का इंतजार कर रहे थे। बस के ठिए से टकराने पर मौके पर खड़े लोगों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि बस पोल से टकरा कर रुक गई।