चंडी रोड पर पुलिस पिकेट से महज 50 मीटर दूर स्थित एक क्लाथ शोरूम से चोर 30 हजार रुपये कैश और कीमती कपड़े चुरा ले गए। चोर छत के रास्ते शोरूम के अंदर घुसे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
चंडी रोड पर अनिल कुमार गोयल का लक्ष्मी क्लाथ एंपोरियम के नाम से कपड़ों का शोरूम है। यहां से मात्र 50 मीटर की दूरी पर पक्का बाग चौराहा है। यहां पुलिस बूथ है। बीती रात अनिल शोरूम बंद कर घर चले गए।
इसी बीच चोर छत के रास्ते वहां पहुंचे और रोशनदान से दुकान के अंदर प्रवेश कर गए। चोर वहां से गल्ले में रखे 30 हजार रुपये और लाखों रुपये के कीमती कपड़े चुरा ले गए। शनिवार को दुकान खोलने पहुंचे अनिल को वारदात की जानकारी हुई।
पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे, इसलिए वारदात का कोई सुराग नहीं मिल सका। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।