आसपास के राज्यों से चोरी कर लाए कैंटरों का कटान कर उनका सामान बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का एक सदस्य पकड़ में आया। किराए पर गोदाम देने वाले भी संदेह के दायरे में हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के बाकी सदस्यों की धरपकड़ का प्रयास कर रही है।
सिंभावली में हाईवे किनारे चल रहे चोरी के वाहन काटने के गोदामों का पुलिस ने 25 मार्च को भंडाफोड़ किया था। जिसमें भारी मात्रा में वाहनों के इंजन, पुर्जे सहित अन्य सामान भी बरामद हुआ था।
पुलिस ने शुगर मिल के ट्रक यार्ड के पास स्थित आधा दर्जन से अधिक गोदामों समेत उनमें रखे चोरी के सामान को सील कर दिया था। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे ट्रक यार्ड के पास से तहसीन निवासी शिवदयाल पुरा हापुड़ को दबोच लिया। उसने पूछताछ के दौरान कई अहम सुरागों के साथ ही अंतर्जनपदीय स्तर से जुड़े अपने गिरोह के कुछ साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।
मामले की विवेचना कर रहे सीओ ट्रेनी अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपी ने अपने सरगना समेत गिरोह से जुड़े कई सदस्यों के नाम भी बताए हैं, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि चोरी कर लाई जाने वाले केंटर काटकर उनका सामान बेचने वाले गिरोह को अपनी बिल्डिंग गोदाम के लिए देने वालों की भूमिका भी संदिग्ध है। पूछताछ करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।