नेशनल हाईवे पर अनवरपुर कट के पास सोमवार सुबह वैगनआर ने स्विफ्ट कार में टक्कर मार दी। हादसे में स्विफ्ट कार में सवार युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि वैगनआर में सवार दिल्ली निवासी पति पत्नी घायल हो गए।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती करा मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव कस्तला कासमाबाद निवासी सचिन (26) पुत्र देवेंद्र सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था।
सोमवार सुबह वह अपनी स्विफ्ट कार से पिलखुवा कोचिंग करने के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में अनवरपुर कट के पास पीछे से आई वैगनआर कार ने स्विफ्ट में टक्कर मार दी। इससे स्विफ्ट कार में सवार सचिन तोमर,
वैगनआर कार में सवार असलम सुल्तान और उसकी पत्नी सौफिया निवासी जौनपुर एक्टेंशन दिल्ली घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को पास के निजी अस्पताल ले गए।
इसी बीच रास्ते में सचिन तोमर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक सचिन की तीन महीने पहले शादी हुई थी।
कोतवाल दीपक त्यागी ने बताया कि दो कारे आपस में टकरा गई थी। इसमें एक युवक की मौत हो गई और दो घायल हैं। घायलों को पुलिस ने पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।