मायके से पांच दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हुई नवविवाहिता का शव सोमवार को गांव के ही एक गन्ने के खेत में सड़ी हालत में मिला। शव को किसी ज्वलनशील पदार्थ से जलाने की भी कोशिश की गई है। मृतक के भाई ने पति के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फारेंसिक टीम ने भी मौका मुआयना किया। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कनिया कल्याणपुर गांव निवासी ओमपाल की पुत्री अंजली का विवाह 28 फरवरी 2017 को गांव रसूलपुर निवासी मोहित के साथ हुआ था।
15 मई को अंजली अपने भाई अनुज के साथ मायके आई थी। परिजनों के मुताबिक 18 मई की दोपहर वह संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने 20 मई को थाना बाबूगढ़ में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सोमवार को मृतका के भाई अनुज के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने अनुज को अंजली की लाश के बारे में बताया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। आनन फानन में परिजन व ग्रामीणों ने गांव के जंगलों में खोजबीन शुरू कर दी।
कनिया कल्याणपुर मिर्जापुर के जंगल में एक गन्ने के खेत में अंजली का शव सड़ी हालत में मिला। शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी ज्वलनशील पदार्थ से जलाने का प्रयास भी किया गया था। सूचना पर पहुंची बाबूगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के भाई अनुज ने तहरीर में आरोप लगाया है कि अंजली के ससुराल वाले उससे दहेज की मांग करते थे, उन्होंने ही उसकी बहन की हत्या की है। शाम करीब छह बजे फारेंसिक टीम ने भी मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
थानाध्यक्ष यतेंद्र कुमार ने बताया कि शव की हालत देखने से मामला हत्या का ही लगता है। हत्या क्यों और किसने की, इसकी जांच की जा रही है। मृतका के भाई ने पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।