बाबूगढ़ थाना क्षेत्र से निकल रही बनखंडा नहर पुल पर दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने मां-बेटे से 20 हजार रुपये, सोने के कुंडल और दो मोबाइल लूट लिए। पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने टरका दिया।
अब मंगलवार को उच्चाधिकारियों से मिलेंगे। जानकारी के अनुसार घुंघराला गांव निवासी प्रवीन अपनी मां चंद्रवती के साथ बाइक से अपनी बहन की ससुराल सैना मुरादपुर गांव गया था।
वह रविवार को नहर के रास्ते गांव लौट रहा था। अल्लीपुर और रसूलपुर गांव के बीच तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बाइक रुकते ही हथियारों के बल पर बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी।
बदमाशों ने प्रवीन से 20 हजार रुपये, दो मोबाइल और चंद्रवती से कुंडल, सोने की लौंग लूट ली। शोर सुनकर लोगों को आता देख बदमाश गोली मारने की धमकी भाग गए।
किसी प्रकार पीड़ित ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय पीड़ितों को थाने से टरका दिया। प्रवीन ने बताया कि अब वह मंगलवार को एसपी कार्यालय में शिकायत करेंगे।
बाबूगढ़ एसओ का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि पीड़ित ने तहरीर दी होगी तो कार्रवाई जरूर होगी।