कारोबारी के बेटे से रुपये छीनने के बाद कोतवाली क्षेत्र के धुने के चौक पर सोमवार देर शाम बवाल हो गया। कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ।
कारोबारी के घर के बाहर खड़ी गाड़ी के शीशे भी टूट गए। पुलिस पहुंची तो बलवा करने वाले भाग गए। तनाव को देखते हुए मोहल्ले में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार धुने के चौक निवासी सोहराब हसन इनवर्टर और बैट्री का कारोबार करता है। सोमवार शाम करीब सात बजे उनका पुत्र अर्श किसी पार्टी से पैसे लेने जा रहा था।
जब वह रास्ते में पहुंचा तो पहले से घात लगाकर बैठे पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो दबंगों ने उसे पीटा और उसकी जेब में रखे करीब 2 हजार रुपये लूट लिए।
किसी प्रकार अर्श अपने घर पहुंचा और परिजनों को वारदात की जानकारी दी। परिजन कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। इसी दौरान जब दबंगों को कोतवाली में जाने की बात पता चली तो वह पत्थर लेकर सोहराब हसन के घर पर पहुंच गए और पथराव शुरू कर दिया।
पथराव होते ही आसपास के घरों में हड़कंप मच गया। पथराव में सोहराब हसन के घर के बाहर खड़ी कार के शीशे टूट गए और मोहल्ले के लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
किसी प्रकार घर की महिलाओं ने कमरों में छिपकर जान बचाई। सरेशाम पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस को देखकर पथराव करने वाले भाग गए।
पीड़ित परिवार ने कोतवाली में तहरीर दी। एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही बलवाइयों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - विशाल यादव, सीओ सिटी