छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। गढ़ नगर के मोहल्ला दरगाह शरीफ निवासी जमीलू पहलवान के घर बृहस्पतिवार रात चोर छत के रास्ते दाखिल हुए।
उन्होंने एक कमरे में रखा संदूक चोरी कर लिया। घटना के समय परिवार के सभी लोग अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। शुक्रवार सुबह परिजनों को वारदात का पता चला। जमीलू पहलवान के बेटे आफताब ने बताया कि 21 और 22 नवंबर को उसके भाइयों का निकाह है।
इसके लिए संदूक में 3 लाख 70 हजार की नगदी, 10 तोले चांदी और 16 तोले सोने के जेवर रखे हुए थे। चोरों ने केवल संदूक को ही निशाना बनाया। आफताब ने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर समरजीत सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है।