मथुरा कांड के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने मंगलवार को जुलूस निकालकर तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर हंगामा किया। इससे वहां काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
इस दौरान भाजपाइयों ने एसडीएम को राज्यपाल से संबोधित ज्ञापन देकर सपा सरकार की बर्खास्तगी और घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग की। गढ़ व ब्रजघाट समेत पूरे क्षेत्र से आए भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मंगलवार को चौपला स्थित अंबेडकर पार्क पर एकत्र हुए।
इसके बाद नगर अध्यक्ष योगेश वर्मा व जिला महामंत्री दीपक भाटी तथा महेंद्र चौहान, कमल त्यागी, विनय त्यागी, गीता अग्रवाल के नेतृत्व में जुलूस की शक्ल में सपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचकर खूब हंगामा किया।
नारेबाजी व हंगामे की सूचना मिलने पर एसडीएम शमशाद हुसैन ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग उठाई।
इस दौरान जिला महामंत्री दीपक भाटी ने आरोप लगाया कि मथुरा कांड सीधे तौर पर सपा सरकार की देन है, क्योंकि एसपी सिटी और एसओ की हत्या की वजह बने रामवृक्ष यादव को सरकार का खुला संरक्षण हासिल था।
इस दौरान योगेश वर्मा, नरेंद्र गुर्जर, महीपाल चौहान, रिंकू सिंह, अंकुर सिरोही, ओमवती मिश्रा, सर्वेश त्यागी, आशीष, सोनू, अंशुल, प्रदीप, उर्मिला शर्मा, गौरव ठाकुर व रोहित मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।