नयाबांस गांव के खेत के कुएं से एक महिला का शव मिला है। उसके शरीर पर कई
गहरे जख्म हैं, जिनसे खून निकल रहा था। महिला की शिनाख्त लखनऊ के गोमती नगर
थाने की होमगार्ड अर्चना रावत के रूप में हुई है। पहचान शव के पास मिले
जैकेट की जेब से बरामद एटीएम कार्ड से हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम
के लिए भेज दिया है।
सिंभावली क्षेत्र के नयाबांस गांव के
किसान धर्मपाल सिंह के खेत में खड़ी गन्ने की फसल में शनिवार सुबह को कटाई
चल रही थी। गांव मुरादपुर का किसान इरफान अपने खेत में इंजन से सिंचाई कर
रहा था।
तभी उसने खेत के बीच बने कुएं में महिला का शव तैरता देखा।
इरफान ने गांव के चौकीदार कमल सिंह को सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस पहुंच
गई और शव को निकलवाया।
महिला की उम्र करीब 30 वर्ष है। उसके
मात्थे, आंख, नाक और होंठ पर गहरे घावों से खून बह रहा था। संभवत किसी
धारदार हथियार और डंडे से वार कर हत्या की गई है।
हत्या में प्रयुक्त डंडा खेत में पड़ा मिला है, जिस पर खून के निशान हैं। आशंका है कि रेप के बाद महिला की हत्या की गई है।
एटीएम कार्ड से हुई महिला की पहचान
कुएं के पास से पुलिस को काले रंग की जैकेट मिली है। उससे अर्चना रावत के नाम वाला आईडीबीआई का एटीएम कार्ड, 16 दिसंबर को जारी हुआ लखनऊ से मुरादाबाद तक का रेलवे टिकट और एक हजार रुपये मिले है।
डीएसपी एसएस राठौर ने बताया कि एटीएम कार्ड के जरिये इंटरनेट से मिले महिला के पते से संपर्क किया गया। फोन पर कमलेश रावत नामक व्यक्ति से संपर्क हुआ। कमलेश ने महिला को अपनी चचेरी बहन के रूप शिनाख्त की और बताया कि यह अर्चना है, लखनऊ के गोमती नगर थाने में होमगार्ड थी।