सपनावत गांव के पास मंगलवार को दोपहर में बेकाबू टैंकर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटी की मौत हो गई। टैंकर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने टैंकर को कब्जे में लेकर काफी देर तक हंगामा किया।
बाद में मौके पर पुलिस को वाहन सौंप दिया। महिला के देवर ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि टैंकर चालक की सरगर्मी से तलाश कराई जा रही है।
गांव नंदपुर निवासी मोहम्मद जाकिर पुत्र साबिर अपनी भाभी रिजवाना और नवजात बच्ची जोया को लेकर बाइक से गुलावटी रिश्तेदारी में जा रहा था। गांव सपनावत के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे बाइक सवार महिला व उसकी बच्ची उछलकर सड़क पर गिर गई। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
उधर, जाकिर के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां एकत्र हो गए और पीछा कर टैंकर को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। चालक वाहन छोड़ फरार हो गया । हादसे की सूचना मिलते ही नंदपुर से महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के देवर ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं, इलाकाई लोगों का कहना है कि वाहनों के तेज रफ्तार से फर्राटा भरने से यहां आए दिन कोई न कोई सड़क हादसा होता रहता है। इसकी रोकथाम के लिए जल्द ही इस मार्ग पर गति अवरोधक बनवाए जाएं।