बहादुरगढ़ क्षेत्र के सेहल गांव में पूर्व प्रधान के पति की बुधवार को बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एकत्र होकर हंगामा शुरू कर दिया।
गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा, तब लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सेहल में दो बार प्रधान रहीं शकुंतला देवी के पति अमीचंद लोधी(58) बुधवार की सुबह करीब 11 बजे बाइक से बेटी के लिए प्लाट का सौदा करने गढ़ आ रहे थे। रास्ते में बहादुरगढ़-कुटी मार्ग पर गांव नानई के पास बदमाशों ने पूर्व प्रधान के पति पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं।
सिर और सीने सहित पूरे शरीर में गोलियां लगने से अमीचंद बाइक से गिर पड़े। सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। इस बीच पुलिस ने पहुंचकर शव कब्जे मे लेने की कोशिश की, लेकिन गांव वालों ने शव नहीं उठने दिया और हंगामा शुरू कर दिया।
डीएसपी ने मौका पाकर पुलिस कर्मियों के साथ आनन-फानन में शव को मैजिक गाड़ी से रवाना किया। डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय ने ग्रामीणों को हत्यारोपियों का जल्द पता लगाने के लिए धरपकड़ अभियान तेज करने और कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
तब ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। मृतक के बड़े भाई लख्मीचंद ने अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उधर, पूर्व प्रधान शकुंतला के पति अमीचंद की हत्या की खबर से गांव में कोहराम मच गया।
पूर्व प्रधान पति अमीचंद की हत्या की खबर मिलते ही प्रदेश के मनोरंजन कर मंत्री मदन चौहान, सपा विधानसभा क्षेत्राध्यक्ष फारूख खां, पूर्व शहर अध्यक्ष गफ्फर, पालिका सदस्य राकेश चौहान, प्रधान रणधीर सिंह सहित तमाम लोग अपने समर्थकों के साथ थाना बहादुरगढ़ पहुंचे।
मंत्री ने घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए पुलिस को दो दिनों के भीतर हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने को कहा।