पत्नी के साथ न चलने पर ससुराल आए पति ने खुद को आग लगा ली। युवक को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। उधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अमरोहा की हसनपुर कोतवाली के गांव चोरपुर में रहने वाले पुष्पेंद्र की शादी करीब दो वर्ष पहले बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव की लड़की से हुई थी जो तीन दिन पहले अपने देवर के साथ मायके आई थी। लड़की ने कुछ दिन तक मायके में रुकने की बात कहकर देवर को लौटा दिया था। इस पर शनिवार को उसका पति उसे लेने ससुराल पहुंचा लेकिन जब उसे पता लगा कि पत्नी मायके की बजाए बुआ के घर गई हुई है तो वह भड़क गया। उधर, लड़की के घर वालों का कहना है कि पुष्पेंद्र ने मोबाइल पर बेटी से बात की और उससे चलने के लिए कहा लेकिन उसने दो तीन दिन बाद चलने की बात कही। कुछ देर बाद पुष्पेंद्र की चीख पुकार सुनाई दी। कमरे में जाकर देखा तो पुष्पेंद्र आग से घिरा हुआ था। आनन फानन आग बुझाकर उसे गढ़ सीएचसी ले गए। जहां से उसे मेरठ को रेफर कर दिया गया।
उधर, सीएचसी अधीक्षक डॉ.रविंद्र का कहना है कि युवक का शरीर 60 फीसदी से भी अधिक झुलसा हुआ था, जिसे फर्स्ट एड के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया है।
कोट
पत्नी द्वारा दो तीन दिन बाद चलने की बात कहे जाने से नाराज होकर पुष्पेंद्र ने केरोसिन डालकर आग लगाई। जांच पड़ताल के लिए पुलिस टीम को गांव में भेज दिया गया है। हालांकि इस घटना के विषय में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
वाईके पूनिया, इंस्पेक्टर