गाजियाबाद के एक दंपति ने नए मकान दिलाने के नाम पर गालंद की सौ से ज्यादा महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी की। बार बार आश्वासन के बावजूद रुपये नहीं लौटाने पर महिलाओं ने शनिवार को कार्रवाई की मांग कर प्रदर्शन किया है।
महिलाओं ने दंपति को गिरफ्तार कर रुपये वापस कराने की मांग की है। शनिवार शाम गांव गालंद निवासी सौ से अधिक महिलाएं एकत्रित हुईं। उन्होंने गाजियाबाद के एक दंपति पर नए मकान दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया।
महिलाओं ने बताया कि एक महीने पहले गाजियाबाद के इंद्रगढ़ी में रहने वाले दंपति ने उन्हें किस्तों में नए मकान दिलाने का आश्वासन दिया था। उक्त दंपति ने पहली किस्त 970 और दूसरी किस्त 1370 रुपये ली गई।
मकान किस्त शुरू होने के कुछ दिन बाद मिलने का आश्वासन मिला था। अब उन्होंने दो दो किस्त जमा कर दी हैं। वह बहुत दिन से दंपति को फोन कर रहे हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। अब कई दिन से दोनों पति पत्नी ने अपने नंबर भी बंद कर लिये हैं।
इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ये किसी अन्य से ठगी नहीं कर सकें। प्रदर्शन करने वालों में लता, प्रेमवती, पावत्री, बबली, बबीता, सरोज, ज्योति, दीपा, रीना, राजू, मुकेश, बंटी शामिल रहे।
उधर, कोतवाल अजय अग्रवाल ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। जल्द ही ठगी करने वाले दंपति के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।