पिता के रिटायरमेंट के बाद वेतनमान में गड़बड़ी की शिकायत लेकर स्वास्थ्य विभाग के बाबू के पास जाना एक युवक को महंगा पड़ गया। बाबू ने पहले युवक से अभद्रता की और बाद में उसे जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। यह पूरी बात पीड़ित युवक ने फोन में रिकार्ड कर ली है। पीड़ित ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जिला बुलंदशहर के गांव मानकपुर निवासी योगेंद्र कुमार ने बताया कि उसके पिता स्व.मोहर सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़मुक्तेश्वर से जनवरी 2010 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनके चयनमान/वेतनमान में स्वास्थ्य विभाग में तैनात एक बाबू ने गड़बड़ी कर दी थी। यह गड़बड़ी सिर्फ इसलिए की गई, क्योंकि उसे रिश्वत देने से मना कर दिया गया था।
इस मामले की शिकायत समय-समय पर मुख्य चिकित्साधिकारी से भी की गई, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने जनसुनवाई प्रणाली के तहत 06 फरवरी को मुख्यचिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में शिकायत की थी। लेकिन उसका निस्तारण भी नेट पर नहीं डाला गया।
उसका आरोप है कि 08 मार्च को वह मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में इस मामले की जानकारी करने के लिये आया था। लेकिन वहां पहले से मौजूद स्वास्थ्य विभाग के बाबू ने पहले तो उसके साथ अभद्रता की और बाद में उसे जान से मारने की धमकी दी। यह पूरी धमकी उसने ने अपने मोबाइल फोन में रिकार्ड कर ली। वहीं बाबू का कहना है कि युवक ने उसके साथ अभद्रता की है। इसकी शिकायत उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से की है।